बुजुर्ग हैं परिवार, संस्कार और सफलता की मौन आधारशिला

बुजुर्ग हैं परिवार, संस्कार और सफलता की मौन आधारशिला

भूमिका

बदलते समय में रिश्तों की धड़कन को सुनने की आवश्यकता

क्या आपने कभी सोचा है कि पहले परिवारों में इतने लोग होते हुए भी मनमुटाव कम क्यों दिखाई देते थे? क्यों कठिन परिस्थितियों में भी रिश्तों की डोर इतनी मजबूत बनी रहती थी? आखिर वह कौन-सी शक्ति थी, जो मतभेदों को मनभेद बनने से रोक लेती थी और टूटते मन को फिर से जोड़ देती थी?

आज जब दुनिया हमारी हथेली में सिमट आई है, संवाद के साधन बढ़ गए हैं, परंतु क्या सचमुच दिलों की दूरियां कम हुई हैं? क्यों एक ही छत के नीचे रहते हुए भी लोग एक-दूसरे से अनजान-से होते जा रहे हैं? सुविधाओं के इस दौर में आखिर वह सुकून, वह अपनापन और वह सामूहिकता कहां छूटती जा रही है, जो कभी परिवारों की सबसे बड़ी ताकत हुआ करती थी?

शायद इन प्रश्नों के उत्तर हमें उन अनुभवी आंखों में मिल सकते हैं, जिन्होंने जीवन को केवल देखा नहीं, जिया है; उन हाथों में, जिन्होंने संघर्षों के बीच भी परिवारों को टूटने नहीं दिया; उन बुजुर्गों में, जिनकी सीख कभी घरों की नींव हुआ करती थी। बदलते परिवेश, एकल परिवारों की बढ़ती प्रवृत्ति, तकनीक की व्यस्तताओं और घटते संवादों के बीच यह समझना अत्यंत आवश्यक हो गया है कि परिवारों की वास्तविक शक्ति आखिर किसमें निहित है।

प्रस्तुत आलेख इसी गंभीर, संवेदनशील और समयानुकूल विषय पर एक विहंगम दृष्टि प्रस्तुत करता है—जहां बुजुर्ग केवल उम्र का पड़ाव नहीं, बल्कि संस्कारों, संवेदनशीलता, धैर्य और रिश्तों की समझ के ऐसे स्तंभ बनकर उभरते हैं, जिनके बिना जीवन की सफलता अधूरी प्रतीत होती है।

बदलते समय में रिश्तों की समझ और पीढ़ियों के अनुभव का विहंगमावलोकन

आधुनिक जीवन की तेज़ रफ्तार ने मानव जीवन को सुविधाओं से समृद्ध किया है, किंतु इसी गति ने उसे उन जीवन मूल्यों से भी दूर कर दिया है जो जीवन को स्थायित्व और संबंधों को गहराई प्रदान करते थे। परिवार; जो कभी भावनात्मक सुरक्षा, अनुभवजन्य मार्गदर्शन और सामूहिक उत्तरदायित्व का केंद्र हुआ करता था, आज अनेक स्तरों पर संक्रमण के दौर से गुजर रहा है। इस परिवर्तनशील परिदृश्य में यदि किसी वर्ग की भूमिका सबसे अधिक मौन, किंतु प्रभावशाली रही है, तो वह परिवार के बुजुर्ग हैं—वे, जिनकी उपस्थिति केवल उम्र का विस्तार नहीं, बल्कि अनुभव, धैर्य, संतुलन और संस्कारों का जीवंत भंडार होती है।

परिवार की सफलता केवल आर्थिक सम्पन्नता या सामाजिक प्रतिष्ठा से निर्धारित नहीं होती; उसकी वास्तविक कसौटी भावनात्मक एकता, परस्पर सम्मान और संकटों में साथ निभाने की क्षमता होती है। इन गुणों का विकास स्वतः नहीं होता, बल्कि पीढ़ियों की समझ, अनुशासन और व्यावहारिक अनुभव से निर्मित होता है। भारतीय परिवार व्यवस्था में बुजुर्ग इसी निर्माण प्रक्रिया के केंद्र में रहे हैं। उन्होंने परिवार को केवल साथ रहने की व्यवस्था नहीं माना, बल्कि उसे जिम्मेदारियों, संवेदनाओं और सहभागिता का जीवंत संस्थान बनाया।

यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि पहले की पीढ़ियाँ रिश्तों को निभाने की कला में अधिक परिपक्व थीं। असहमति होने की दशा में भी संवाद समाप्त नहीं होते थे, क्योंकि संबंधों को अहंकार से ऊपर रखा जाता था। बुजुर्ग परिवारों में मध्यस्थ की भूमिका निभाते थे। वे मतभेदों को विवाद बनने से पहले ही समझदारी से सुलझा देते थे। उनके अनुभवों में जीवन के अनेक उतार-चढ़ावों का सार छिपा होता था, जिससे युवा पीढ़ी सीख लेकर कठिन परिस्थितियों में भी संतुलन बनाए रखती थी।

वर्तमान समय में तकनीक ने जहां जीवन को सरल बनाया है, वहीं उसने संवाद के स्वरूप को भी गहराई से प्रभावित किया है। मोबाइल और इंटरनेट ने बेशक सूचनाओं के अनंत द्वार खोले, लेकिन साथ साथ संवेदनाओं के द्वार संकुचित कर दिए। परिवारों में भौतिक निकटता होते हुए भी भावनात्मक दूरी बढ़ने लगी है। एक ही घर में रहने वाले लोग भौतिक के स्थान पर आभासी संसार में अधिक व्यस्त रहते हैं। फलतः वास्तविक संबंध धीरे-धीरे संवादहीनता का शिकार हो रहे हैं। यह स्थिति केवल तकनीकी बदलाव का परिणाम नहीं, बल्कि प्राथमिकताओं के पुनर्संयोजन का संकेत भी है।

आभासी दुनिया व्यक्ति को वही दिखाती है, जो वह देखना चाहता है; लेकिन वास्तविक जीवन केवल सुविधाओं से नहीं चलता, उसमें समर्पण, धैर्य और सामंजस्य की भी आवश्यकता होती है। रिश्ते अधिकारों से अधिक जिम्मेदारियों की माँग करते हैं। यही कारण है कि बुजुर्गों का अनुभव जीवन को यह समझ प्रदान करता है कि संबंधों की मजबूती त्याग, संवेदनशीलता और परस्पर सम्मान में निहित होती है। संवेदनशील व्यक्ति परिस्थितियों को केवल प्रतिक्रिया के आधार पर नहीं, बल्कि समझ के आधार पर देखता है, और यही दृष्टिकोण उसे रिश्तों में परिपक्व बनाता है।

संयुक्त परिवार व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह था कि जीवन-मूल्य व्यवहार के माध्यम से सहज रूप में थोड़े से ही प्रयासों से अगली पीढ़ी तक पहुंचते थे। बच्चों को केवल शिक्षा नहीं मिलती थी, बल्कि वे व्यावहारिक जीवन के गुण—सहनशीलता, साझेदारी, अनुशासन और दूसरों के प्रति सम्मान—स्वाभाविक रूप से सीखते थे। परिवार में दादा-दादी, नाना-नानी या अन्य वरिष्ठ सदस्यों की उपस्थिति बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अदृश्य शिक्षक की भूमिका निभाती थी। उनकी कहानियाँ, अनुभव और जीवन दृष्टि बच्चों के भीतर ऐसी मानवीय समझ विकसित करती थी, जिसे केवल पुस्तकीय ज्ञान से प्राप्त नहीं किया जा सकता।

आज एकल परिवारों के विस्तार ने व्यक्तिगत स्वतंत्रता को तो बढ़ाया है, किंतु सामूहिक अनुभवों के दायरे के साथ साथ समझ को भी सीमित किया है। नई पीढ़ी आत्मनिर्भर अवश्य बन रही है, परंतु कई बार उसमें भावनात्मक धैर्य और संबंधों को निभाने की क्षमता में कमी दिखाई देती है। इसका अर्थ यह नहीं कि परिवर्तन अनुचित है, बल्कि यह समझने की आवश्यकता है कि आधुनिकता और संस्कार परस्पर विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हो सकते हैं। तकनीक और स्वतंत्रता तभी सार्थक हैं, जब वे मानवीय मूल्यों के साथ संतुलित रहें।

विशेष रूप से पारिवारिक संबंधों के संदर्भ में यह आवश्यक हो जाता है कि हम केवल भूमिकाओं की अपेक्षा न करें, बल्कि उन मूल्यों पर भी विचार करें जिन्हें हम अगली पीढ़ी को सौंप रहे हैं। यदि समाज में सामंजस्यपूर्ण परिवारों की कल्पना करनी है, तो बच्चों—चाहे बेटा हो या बेटी—दोनों को संवेदनशीलता, धैर्य, संवाद और जिम्मेदारी का व्यवहारिक प्रशिक्षण देना होगा। परिवार केवल अधिकारों का मंच नहीं, बल्कि कर्तव्यों और समन्वय की प्रयोगशाला भी है।

संस्कारों का वास्तविक अर्थ केवल परंपराओं का निर्वहन नहीं, बल्कि व्यवहार में मानवीय गरिमा का समावेश है। यह विरासत शब्दों से अधिक उदाहरणों द्वारा हस्तांतरित होती है। बुजुर्ग पीढ़ी का सबसे बड़ा योगदान यही रहा है कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी परिवार को प्राथमिकता दी, अपने अनुभवों को मार्गदर्शन में बदला और अगली पीढ़ियों को यह सिखाया कि सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि साझा संतुलन और सामूहिक सुख का परिणाम होती है।

वास्तव में, बुजुर्ग किसी परिवार की जड़ें होते हैं। वृक्ष की भांति उनकी उपस्थिति दिखाई भले कम दे, किंतु वही स्थिरता, छाया और पोषण का आधार बनती है। आधुनिक जीवन में भले ही तेज़ी, तकनीक और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का महत्व बढ़ गया हो, परंतु जब जीवन किसी मोड़ पर उलझता है, तब अनुभव की वही पुरानी सीढ़ियां सहारा बनती हैं जिन्हें कभी हमने साधारण समझ लिया था।

समय की मांग यह नहीं कि हम अतीत में लौट जाएं, बल्कि यह है कि हम अतीत के अनुभवों को वर्तमान की आवश्यकताओं से जोड़ना सीखें। यदि परिवारों को मजबूत, संतुलित और संवेदनशील बनाए रखना है, तो बुजुर्गों को केवल जिम्मेदारी नहीं, सम्मानजनक सहभागिता का स्थान देना होगा। क्योंकि अंततः परिवारों की वास्तविक समृद्धि संपत्ति से नहीं, पीढ़ियों के बीच बने विश्वास, संस्कार और संवाद से मापी जाती है। और इस सत्य को समझे बिना कोई भी सफलता अधूरी ही रहती है।

सूचना स्रोत 

विजया डालमिया 
राष्ट्रीय संयोजिका 
उलझन सुलझन (महिला प्रकोष्ठ)
हैदराबाद
पाठ्य उन्नयन और विस्तार व प्रस्तुति 







Comments

  1. बहुत सही विश्लेषण किया है आपने

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

किसानों की चिंता

यात्रा वृत्तांत - संवाद से सृजन की ओर बढ़ा एक सार्थक कदम

सारिका विजयवर्गीय ‘वीणा’ से एक आत्मीय संवाद